बेमेतरा में सोमवार को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और संस्कृति को सहेजने के उद्देश्य से ईशर राजा गौरी-गौरा एवं जबर देवारी रैली निकाली गई. रैली का नेतृत्व छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने किया. इसमें संगठन और जोहार छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी-कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए.

रैली में गौरी-गौरा और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं शामिल रहीं. पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे कलाकारों ने सुआ, कर्मा, पंथी, राउत नाचा, गेड़ी और बस्तरिया नृत्य प्रस्तुत किए. ढोल-नगाड़ों और लोकनृत्यों के साथ निकली रैली के दौरान शहर में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली.

कोबिया चौक से कबीर कुटी तक निकली रैली

रैली की शुरुआत कोबिया चौक से हुई. यहां से यह सिग्नल चौक होते हुए सिंघौरी पहुंची, जहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित है. इसके बाद रैली गौरव पथ रोड से होते हुए कबीर कुटी के पास पहुंची और वहीं इसका समापन हुआ.

समापन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने संबोधन दिया. आयोजन में शामिल लोकनृत्य दलों और कलाकारों को सम्मानित किया गया. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया.

लोक परंपराओं को एक मंच पर लाने का उद्देश्य

छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव ने कहा कि दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा, मातर और ईशर राजा गौरी-गौरा पूजा प्रदेश की महत्वपूर्ण पारंपरिक परंपराएं हैं. उन्होंने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों में इन पर्वों को अलग-अलग दिनों में मनाया जाता है.

यादव के अनुसार, रैली का उद्देश्य इन लोक परंपराओं को एक मंच पर लाना और बेमेतरा के लोगों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना था. उन्होंने कहा कि सुआ, कर्मा और राउत नाचा सहित लोकनृत्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर हैं.