बेमेतरा जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल ग्राउंड में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया गया. समारोह में लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य-संगीत और शासन की विकास योजनाओं की झलक दिखाई गई.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को संजोते हुए विकसित राज्य की दिशा में काम किया जा रहा है. सांसद ने महतारी वंदन, कृषक उन्नति और नियद नेल्ला नार योजनाओं को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया.
विधायक दीपेश साहू ने शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी दी. विधायक ईश्वर साहू ने युवाओं से स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की. कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का विवरण दिया.
लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
राज्योत्सव में स्कूली बच्चों ने पंथी, पंडवानी, आदिवासी लोकगीत और सुआ नृत्य प्रस्तुत किया. इसके बाद लोकगायिका अलका चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत और ददरिया पेश किया. उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए. समारोह के अंत में उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों और विभागीय स्टॉलों को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के बीच छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र की प्रमुखता को लेकर भी चर्चा हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, समारोह की शुरुआत में छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया गया था. हालांकि, आयोजन स्थल पर तस्वीर को कितना प्रमुख स्थान मिला, इसे लेकर सवाल उठाए गए.
