छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला मुख्यालय स्थित जय स्तंभ चौक पर शुक्रवार को जिलेभर के सैकड़ों कोटवारों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के बैनर तले हुए प्रदर्शन में नियमितीकरण, राजस्व विभाग में संविलियन और मासिक वेतन बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने समेत चार सूत्रीय मांगें उठाई गईं.

प्रदर्शन के बाद कोटवारों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम तहसीलदार उमेश लहरी को ज्ञापन सौंपा. तहसीलदार ने बताया कि ज्ञापन में कोटवार संघ की चार सूत्रीय मांगों का उल्लेख है और इसे उचित माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा.

कोटवारों की प्रमुख मांगें

संघ की मांग है कि कोटवारों को नियमित शासकीय कर्मचारी का दर्जा देकर राजस्व विभाग में संविलियन किया जाए. इसके अलावा उनका मासिक वेतन बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने की मांग की गई है. कोटवार के पद के रिक्त होने पर उसके पुत्र या परिवार के किसी सदस्य को नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है.

कोटवारों ने नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों में नियुक्ति पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग रखी. उनका कहना है कि शहरी क्षेत्रों में शामिल हो चुके गांवों में पद रिक्त होने के बावजूद नई नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं. इससे पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और संबंधित कोटवार परिवारों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है.

कोटवारों के अनुसार, वे लंबे समय से शासन-प्रशासन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है. संघ अध्यक्ष सम्पत दास मानिकपुरी ने कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो रायपुर में प्रदेशस्तरीय आंदोलन किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर अनशन और भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है.