राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का बेमेतरा पहुंचने पर भारत माता चौक में स्वागत किया गया. स्कूली छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, पुलिस अधिकारियों और नागरिकों ने रैली में शामिल बाइक राइडर्स का अभिनंदन किया. इसके बाद एसपी त्रिलोक बंसल और नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को कबीरधाम जिले की सीमा की ओर रवाना किया.

ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए आगे बढ़ी रैली

रैली ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंची और रायपुर व सिमगा होते हुए बेमेतरा आई. सिमगा-बेमेतरा सीमा पर एएसपी डॉ. हरीश यादव ने पुलिस टीम की ओर से बाइक राइडर्स का स्वागत किया. राष्ट्रीय राजमार्ग से आगे बढ़ने के बाद रैली भारत माता चौक पहुंची.

आयोजकों के अनुसार, रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों के तहत निकाली जा रही है. इसका लक्ष्य ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लोगों तक पहुंचाना है. रैली गुजरात के एकता नगर में होने वाली मुख्य परेड की ओर बढ़ रही है.

एसपी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की

कार्यक्रम में एसपी त्रिलोक बंसल ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है और इसका असर परिवार व समाज पर भी पड़ता है. उनके अनुसार, नशे के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है और वे अपराध की ओर भी बढ़ सकते हैं.

एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है. अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है. रैली में ओडिशा पुलिस दल के निरीक्षक समर सिंह और विकास किशोर प्रधान तथा छत्तीसगढ़ पुलिस दल के नेतृत्वकर्ता रवींद्र गिरी शामिल रहे.