छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में प्रसव के बाद नवजात के लापता होने का मामला सामने आया है. घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरा की है. पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे प्रसव पीड़ा होने पर घर में अकेली मौजूद महिला की मदद के लिए दो अज्ञात महिलाएं पहुंची थीं.
शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने प्रसव कराने में मदद की. महिला का कहना है कि प्रसव के बाद वह बेहोश हो गई थी. होश आने पर दोनों महिलाएं और नवजात वहां मौजूद नहीं थे. परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला उन दोनों को पहले से नहीं पहचानती थी और वे गांव के बाहर की रहने वाली लग रही थीं.
दवा पिलाने के दावे की भी जांच
महिला और उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों महिलाओं ने उसे कोई दवा पिलाई थी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दावे की भी जांच की जा रही है. फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि महिला को कौन-सी दवा दी गई थी या नवजात के साथ वास्तव में क्या हुआ.
घटना के समय महिला का पति बकरी चराने के लिए बाहर गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे.
एसपी त्रिलोक बंसल के अनुसार, महिला ने सम्बलपुर चौकी में लिखित शिकायत दी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी को मौके पर भेजा गया है और संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
जांच के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं. एक टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, दूसरी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तीसरी टीम महिला के मेडिकल परीक्षण तथा अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. पुलिस शुरुआती जांच में सामने आई महिला के पहले दो गर्भपात से जुड़ी जानकारी की भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल प्राथमिकता नवजात का पता लगाने और दोनों अज्ञात महिलाओं की पहचान करने की है.
