बेमेतरा के शासकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में छात्राओं से कथित अश्लील और अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर छात्रों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और राजनीतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर ज्योति प्रभात (जेपी) राणा के इस्तीफे की प्रति सार्वजनिक करने की मांग की.

छात्रों का कहना था कि उन्हें प्रोफेसर के इस्तीफा देने की जानकारी मिली है, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की. कई घंटे चले प्रदर्शन के बाद प्राचार्य वीणा त्रिपाठी ने छात्रों को इस्तीफा पत्र दिखाया. इसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया.

छात्राओं को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप

छात्रों ने एक दिन पहले कलेक्टर कार्यालय में दिए ज्ञापन में आरोप लगाया था कि प्रोफेसर छात्राओं को फोन और WhatsApp पर कथित अश्लील संदेश भेजते थे और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते थे. एक छात्रा ने रात में अभद्र संदेश भेजे जाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उसके पास इससे जुड़े सबूत हैं. उसने यह भी दावा किया था कि अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसा व्यवहार किए जाने की जानकारी मिली है.

छात्र परमेश्वर पात्रे ने प्रोफेसर पर छात्राओं को पैसों का लालच देकर गलत प्रस्ताव देने का आरोप लगाया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोष साबित होने पर कार्रवाई की मांग की है.

पहले कॉलेज में शिकायत, फिर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे छात्र

छात्रों के मुताबिक, उन्होंने पहले कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की थी. उनका आरोप है कि मामले को कॉलेज स्तर पर सुलझाने की बात कही गई, लेकिन वे इससे संतुष्ट नहीं हुए. इसके बाद छात्र-छात्राएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जांच व कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा.

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, जेपी राणा राजनीतिक विज्ञान विभाग में करीब तीन वर्ष से पदस्थ थे. उन्होंने स्वयं इस्तीफा दिया और महाविद्यालय प्रबंधन ने उसे स्वीकार कर लिया है. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है. उन्होंने निष्पक्ष जांच के साथ प्रोफेसर को विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्यापन से प्रतिबंधित करने की मांग भी उठाई.

मामले में प्रोफेसर का पक्ष सामने नहीं आया है. संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला. कॉलेज प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों ने जांच तथा आगे की कार्रवाई को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.