छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के टेमरी गांव की शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न स्टॉक में कथित गड़बड़ी के मामले में नांदघाट पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दुकान संचालित करने वाले स्व सहायता समूह की अध्यक्ष पुष्पा साहू, सचिव नीरा बाई और विक्रेता मनीष साहू शामिल हैं.
खाद्य विभाग की जांच के दौरान दुकान में चावल और नमक के स्टॉक में बड़ी कमी सामने आई. विभाग के अनुसार, विभिन्न मदों के चावल की 527.83 क्विंटल और नमक की 21.88 क्विंटल कमी मिली. दोनों की कुल कमी 549.71 क्विंटल बताई गई है. वर्ष 2025-26 के निर्धारित आर्थिक मूल्य के आधार पर विभाग ने इससे संबंधित शासकीय राशि 22,90,910.99 रुपये आंकी है.
खाद्य निरीक्षक प्राची केशरवानी ने 14 अक्टूबर 2026 को नांदघाट थाने में लिखित शिकायत दी थी. शिकायत के मुताबिक, ग्राम पंचायत टेमरी में साहेब बदगी स्व सहायता समूह द्वारा संचालित दुकान में खाद्यान्न के वितरण और भंडारण से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं.
जांच में यह भी सामने आया कि फरवरी और मार्च 2026 में वितरण के लिए नागरिक आपूर्ति निगम से अग्रिम भंडारित खाद्यान्न की राशि सरकारी खाते में जमा नहीं की गई. फरवरी की 44,198.17 रुपये और मार्च की 21,184.53 रुपये की राशि निगम के खाते में जमा नहीं होने का उल्लेख शिकायत में है. फरवरी से जुलाई 2026 तक का बारदाना भी निर्देशों के अनुसार गोदाम में जमा नहीं किया गया था.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4), 3(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 व 7 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया. तीनों को 24 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया. मामले की जांच जारी है.
