बेमेतरा शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए स्कूल-कॉलेज के समय दुर्ग रोड पर कमर्शियल वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से रोकने की तैयारी की जा रही है. प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों की आवाजाही के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और शहर के भीतर यातायात को व्यवस्थित करना है.

इस संबंध में पुराने रेस्टहाउस में नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा की मौजूदगी में बैठक हुई. इसमें मुख्य नगरपालिका अधिकारी, परिवहन विभाग, ड्राइवर संघ, ट्रांसपोर्टर और यातायात पुलिस के अधिकारी शामिल हुए. बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा, सड़क किनारे अवैध पार्किंग और शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई.

स्कूल-कॉलेज के समय बदलेगी आवाजाही

यातायात प्रभारी प्रवीण खलखो के अनुसार, दुर्ग की ओर से आने वाले कमर्शियल वाहनों के कारण स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी होने के समय सड़क पर दबाव बढ़ता है. विद्यार्थी साइकिल और पैदल आवाजाही करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है.

प्रस्तावित योजना के तहत स्कूल लगने और छुट्टी होने के समय दुर्ग रोड पर कमर्शियल वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से प्रतिबंधित की जाएगी. हालांकि, इसके लिए अभी समय-सारणी तय नहीं हुई है. अधिकारियों के अनुसार जल्द समय निर्धारित कर व्यवस्था लागू करने की तैयारी है.

हाईवे किनारे पार्किंग पर कार्रवाई

बैठक में नेशनल हाईवे के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों का मुद्दा भी उठाया गया. अनियंत्रित पार्किंग से यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि आबादी और वाहनों की संख्या बढ़ने से दुर्ग-बेमेतरा मार्ग पर भीड़ की स्थिति बनती है. उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों और यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर नियमों का पालन कराने तथा जरूरी सुधार करने का प्रयास किया जाएगा.