छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और डराने का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा को चाकू दिखाया, उसके दोनों हाथ पकड़े और कैंची से उसकी चोटी काट दी. इसके बाद उसे धक्का देकर सड़क पर गिराने का आरोप है.

घटना शुक्रवार की बताई जा रही है. उमराव नगर गांव से करीब 30 से 35 छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए कोपेडबरी स्थित शासकीय स्कूल जाते हैं. स्कूल से लौटते समय छात्रा के साथ यह घटना हुई. घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे.

घटना के बाद स्कूल जाने से डरीं बच्चियां

ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद डर के कारण अन्य बच्चियां अगले दिन स्कूल नहीं गईं. ग्रामीण पीलू वर्मा के अनुसार, इलाके में इस तरह की घटना पहले सामने नहीं आई थी. रास्ते में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अब अभिभावकों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है. एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि पूछताछ के आधार पर अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना के दो दिन बाद तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी. आरोपी की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होंगी.