छत्तीसगढ़ के बेनूर ग्राम पंचायत में बसस्टैंड के समीप स्थित दंतेश्वरी मंदिर और आसपास के अन्य मंदिरों का इलाका लंबे समय से अंधेरे में है. ग्रामीणों की सुविधा के लिए लगाई गई सोलर हाईमास्ट लाइट कुछ दिन चलने के बाद बंद हो गई.
रात होते ही मंदिर परिसर, बसस्टैंड और आसपास का क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है. इससे दुकानदारों, राहगीरों और मंदिर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय दुकानदारों को आशंका है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं हो सकती हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि हाईमास्ट लाइट बंद होने की शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक इसे चालू नहीं कराया गया. समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
ग्रामीणों के मुताबिक, जिला पंचायत अध्यक्ष का गृह क्षेत्र आश्रित बस्ती दोदीपारा भी इसी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है. इसके बावजूद सार्वजनिक स्थान पर रोशनी की व्यवस्था बहाल नहीं होने पर दुकानदारों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
