बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र के टकसिवा में 11 केवी लाइन पर काम करने के दौरान ठेका कर्मचारी हेमचंद साहू (33) की करंट लगने से मौत हो गई. हेमचंद ग्राम लेजवारा के रहने वाले थे और करीब 15 वर्षों से ठेकेदार शोएब खान के साथ बिजली विभाग से जुड़े काम कर रहे थे.

जानकारी के अनुसार, हेमचंद ट्रांसफार्मर बदलने के लिए बिजली के पोल पर चढ़े थे. परिजनों का कहना है कि परमिट लेने के बाद काम शुरू किया गया था, लेकिन अचानक पोल में करंट आ गया. करंट की चपेट में आने के बाद हेमचंद नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई.

परिजनों के अनुसार, हेमचंद परिवार के मुख्य कमाने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी समेत करीब 10 सदस्यों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी. हादसे के बाद परिजन और ठेका कर्मचारी मुआवजे तथा परिवार की आर्थिक सहायता की मांग को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरला पहुंचे. बुधवार सुबह करीब 8 बजे से वहां प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हुई.

30 लाख रुपये मुआवजे की मांग

ठेका कर्मचारी संजय निषाद ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी. क्रांति सेना और जौहार छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने भी परिजनों के समर्थन में धरना दिया.

बिजली विभाग के अधिकारी के मुताबिक, नियमानुसार कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी की ओर से करीब 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी. अधिकारी ने पेंशन, ESIC और EPF समेत पात्रता के आधार पर मिलने वाले अन्य लाभों की प्रक्रिया पूरी करने की बात भी कही.

प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की बातचीत के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया. तहसीलदार के अनुसार, शाम करीब 5 बजे पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.