बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र में चलती बाइक पर पीछे बैठी महिला के गले से सोने का हार झपटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के साथ झपटमारी में मिले जेवर खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. दोनों के पास से करीब 2 लाख 36 हजार रुपये का सामान बरामद हुआ है.
पुलिस के मुताबिक, घटना 15 नवंबर को बेरला के दुधनंगा नाला, बासा के पास रायपुर रोड पर हुई. दुर्ग जिले के ग्राम मलपुरीखुर्द निवासी गंगू राम यादव अपनी सास दुरपति यादव और पत्नी सोहद्रा यादव को बाइक से ग्राम सोढ़ से बेरला होते हुए घर ले जा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति ने पीछा कर सोहद्रा यादव के गले से सोने का गुलबंद हार झपटा और फरार हो गया.
शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस को ग्राम माटरा में एक व्यक्ति के सोने के जेवर बेचने के लिए संपर्क करने की सूचना मिली. इसके बाद प्रणत पाल साहू (35), निवासी माटरा, थाना नंदनी, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि उसने बेरला की वारदात स्वीकार की.
दुर्ग की वारदातों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 12 नवंबर को धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी मेन रोड पर एक राहगीर से सोने का नेकलेस, मराठी माला के दो लॉकेट और 12 सोने के मटर दाने झपटने की बात बताई. उसने धौराभाठा में मकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की बात भी स्वीकार की. इन दावों की जांच की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि झपटमारी के जेवर जेवरा सिरसा के ज्वेलर्स हेमंत साहू (48) को बेचने की जानकारी मिली. हेमंत के पास से करीब 70 हजार रुपये कीमत का टूटा सोने का नेकलेस बरामद हुआ. प्रणत के पास से सोने के लॉकेट, मंगलसूत्र के टुकड़े, 12 मटर दाने और वारदात में इस्तेमाल Hero Splendor Plus बाइक बरामद की गई.
पुलिस के मुताबिक, प्रणत के खिलाफ बेरला और दुर्ग जिले के अलग-अलग थानों में चोरी व चेन स्नेचिंग के करीब पांच मामले दर्ज हैं. उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जा रहा है. दुर्ग जिले की अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की जांच जारी है.
