बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड मुख्यालय स्थित उत्सव डेयरी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापेमारी की. लिमाही चौक स्थित डेयरी से 900 किलो पनीर और करीब 2,000 किलो खोवा मिला. विभाग के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज में रखे खोवा में फफूंद थी, जबकि पनीर और अन्य सामग्री से तेज दुर्गंध आ रही थी.
जांच के दौरान करीब 100 किलो लड्डू और मिल्क केक, कुंदा तथा दूध भी मिला. टीम ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं. अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डेयरी परिसर के कोल्ड स्टोरेज और फर्श की स्थिति को लेकर भी विभाग ने आपत्ति दर्ज की. वहां कीचड़ और गंदा पानी जमा मिला. विभाग के अनुसार, त्योहारों के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में डेयरी में अधिक मात्रा में खाद्य सामग्री रखी गई थी. दीपावली से पहले भी यहां निरीक्षण किया गया था, लेकिन उस समय इतना बड़ा स्टॉक नहीं मिला था.
औद्योगिक ग्रेड एसिड मिलने का दावा
विभागीय टीम को दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एसिडिक एसिड के कंटेनर भी मिले. अधिकारियों का कहना है कि इस्तेमाल किया जा रहा एसिड फूड ग्रेड के बजाय औद्योगिक ग्रेड का था. डेयरी में एनालॉग पनीर बनाए जाने की सूचना के आधार पर भी जांच की गई, हालांकि इसकी पुष्टि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
नगर पालिका के सहयोग से खराब और संदिग्ध सामग्री का नष्टीकरण कराया जा रहा है. डेयरी संचालक अजित साहू मौके पर नहीं मिले. खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने डेयरी का खाद्य लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित किया है. कार्रवाई उपायुक्त आशीष यादव और सहायक आयुक्त डोमन ध्रुव के नेतृत्व में हुई.
