जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और मुख्य प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को पत्र भेजकर अपना त्यागपत्र सौंपा.
नायक ने इस्तीफे के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है. पत्र में उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय दे पाना संभव नहीं है. इसी वजह से वे मुख्य प्रवक्ता पद और प्राथमिक सदस्यता से स्वेच्छा से अलग हो रहे हैं.
अजीत जोगी के साथ काम को बताया महत्वपूर्ण अनुभव
इस्तीफे में भगवानू नायक ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ काम करने के अनुभव को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया. उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा, संघर्ष और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली.
नायक ने डॉ. रेणु जोगी से मिले स्नेह और अमित जोगी से मिले सम्मान व सहयोग के लिए भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी के पद और सदस्यता से अलग होने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध बने रहेंगे.
नायक ने यह भी कहा कि वे बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के पार्टी छोड़ रहे हैं. उन्होंने मुख्य प्रवक्ता के रूप में पार्टी, छत्तीसगढ़ की जनता और जोगी परिवार का पक्ष रखने में मिले सहयोग के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं, मीडिया और जनता का आभार जताया तथा डॉ. रेणु जोगी से इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया.
