भानुप्रतापपुर की विशेष सत्र न्यायाधीश (NIA) अदालत ने 2019 के अपहरण और हत्या मामले में आरोपी पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. फैसला 16 सितंबर को विशेष सत्र न्यायाधीश दीपक के. गुप्ता की अदालत ने सुनाया.
मामला कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जुगड़ा के जंगल का है. अभियोजन के अनुसार, 26 अगस्त 2019 की शाम करीब पांच बजे श्यामनाथ आंचला की हत्या की गई थी. आरोप था कि पीलूराम आंचला ने साथियों के साथ मिलकर घातक हथियारों से लैस होकर श्यामनाथ को उसके घर से ले जाया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी.
अदालत ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 148 के तहत तीन साल के सश्रम कारावास और 500 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई. धारा 364 यानी अपहरण के तहत 10 साल का सश्रम कारावास और 1,000 रुपये जुर्माना लगाया गया. धारा 302/149 यानी हत्या के मामले में आजीवन कारावास और 1,000 रुपये जुर्माने की सजा दी गई.
आयुध अधिनियम की धाराओं 25 और 27 के तहत भी आजीवन कारावास और 1,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई. जुर्माना नहीं भरने पर अतिरिक्त कारावास का प्रावधान रखा गया है. अदालत के आदेश के अनुसार सभी सजाएं एक साथ चलेंगी.
फैसले में कहा गया कि भारतीय दंड संहिता की धाराएं 147 और 148 एक ही प्रकृति के अपराध से संबंधित हैं, इसलिए आरोपी को धारा 148 में ही दोषसिद्ध किया गया. मामले में कुल 13 लोगों ने गवाही दी. अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक त्रिभुवन शंकर यादव ने पैरवी की.
