कांकेर के भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव की प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है. चुनाव से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक सावित्री मंडावी समर्थकों और कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेताओं व पदाधिकारियों के साथ दिखाई दे रही हैं.

वीडियो में कुछ युवा विधायक की मौजूदगी का विरोध करते नजर आते हैं. इसके बाद सावित्री मंडावी और युवाओं के बीच बहस होती दिखती है. वीडियो में विधायक कहती सुनाई दे रही हैं कि उनका बेटा चुनाव लड़ रहा है, इसलिए वह उसके चुनाव में शामिल हुई हैं और उसके लिए वोट मांगने का उन्हें अधिकार है.

बाहरी लोगों और मतदान को लेकर आरोप

विवाद के दौरान बाहरी लोगों की मौजूदगी को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप हुए. वीडियो में विधायक की ओर से आरोप लगाया गया कि अंबिकापुर, बिहार और अन्य स्थानों से लोग वाहनों में आकर चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं और मतदान करवा रहे हैं. वीडियो में विधायक के निजी सहायक बिहारी राम कोर्राम भी दिखाई दे रहे हैं.

अमन मंडावी युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं और सावित्री मंडावी के बेटे हैं. दुर्गुकोंदल के वन विभाग रेस्ट हाउस से जुड़े वीडियो के सामने आने के बाद कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उनका आरोप है कि बाहरी लोगों को बुलाकर मतदान प्रभावित करने और पैसे के इस्तेमाल की कोशिश की गई.

युवा कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी हरीश रावटे ने मौके पर पहुंचकर प्रक्रिया पर आपत्ति जताई. उनका आरोप है कि रेस्ट हाउस में मौजूद कुछ लोग प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डलवा रहे थे और दबाव बनाया जा रहा था.

कांग्रेस जिला अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि विधायक को अपने बेटे के लिए वोट मांगने का अधिकार है. उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से कोई दिशा-निर्देश नहीं दिया गया है. प्रत्याशियों ने प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.