बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के भरारी स्थित तेलियापुरान शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों से पानी से भरी बाल्टी टॉयलेट तक पहुंचाने का मामला सामने आया है. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं.
वीडियो में कुछ बच्चे करीब 15 से 20 लीटर पानी से भरी बाल्टी उठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. वजन अधिक होने पर वे बाल्टी को उठा नहीं पाते और उसे जमीन पर घसीटकर टॉयलेट की ओर ले जाते नजर आते हैं.
वीडियो में एक व्यक्ति बच्चों से यह पूछता हुआ सुनाई देता है कि क्या उनसे रोज इसी तरह पानी की बाल्टी उठवाई जाती है. बच्चों से शिक्षक का नाम पूछे जाने पर ‘लकड़ा’ नाम सामने आने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस नाम की पुष्टि और बच्चों से नियमित रूप से ऐसा काम कराए जाने की जानकारी अभी जांच के दायरे में है.
शिक्षा विभाग ने दिए जांच के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयक को संयुक्त जांच के निर्देश दिए हैं. उनके अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों से पानी की बाल्टी उठवाने के लिए कौन जिम्मेदार है. जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि बच्चों से यह काम किसके निर्देश पर कराया गया और घटना एक बार हुई या नियमित रूप से.
इससे पहले बिलासपुर के मस्तूरी विकासखंड स्थित बिटकुली प्राथमिक शासकीय स्कूल में एक बीमार बच्ची से उल्टी साफ कराने का मामला सामने आया था. उस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक भारती खांडे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. भरारी के वीडियो के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ व्यवहार को लेकर फिर सवाल उठे हैं.
