नई दिल्ली के भारत मंडपम में 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा. समारोह भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-एक में शाम पांच बजे से शुरू होगा.
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों की प्रस्तुति देंगे. इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा शामिल हैं. राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समारोह में शामिल होने की जानकारी दी गई है. उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न निगम-मंडल व आयोगों के अध्यक्षों समेत कई विशिष्ट अतिथियों के भी पहुंचने की बात कही गई है.
लोकनृत्यों में दिखेगी सांस्कृतिक विविधता
प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, लोक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति को दर्शाया जाएगा. गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ा है. गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था व पारंपरिक उत्सवों से जुड़े नृत्य हैं. राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान को अभिव्यक्त करता है.
सुआ महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति, पंथी सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा और करमा जनजातीय जीवन, प्रकृति तथा सामूहिक उल्लास से जुड़ा है. पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्र और संगीत इन प्रस्तुतियों का हिस्सा होंगे.
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से आयोजित समारोह का उद्देश्य राज्य की लोक कलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और आगंतुकों को उसकी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है.
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी लगाया गया है. इसमें बस्तर की बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से बने हर्बल उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं. कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के साथ चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी पवेलियन में शामिल है. स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के उत्पादों व नवाचारों को भी यहां जगह दी गई है.
