गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की शिल्पकला, संस्कृति और पर्यटन की झलक देखने को मिल रही है. राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया.

प्रधानमंत्री ने नारायणपुर और बस्तर के शिल्पकारों से बातचीत की और उनके काम की सराहना की. स्टॉल पर बांस शिल्प और अन्य लोकशिल्प तैयार कर रहे कलाकारों से उन्होंने शिल्प निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. इस दौरान कलाकारों ने बस्तरिया रेला की प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया.

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी के अनुसार, 15 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है. स्टॉल पर डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा साड़ियों और बांस शिल्प को जगह दी गई है.

स्टॉल में चंपारण और चित्रकोट सहित छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों तथा पर्यटन रिसॉर्ट की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है. आयोजकों के मुताबिक, इस प्रस्तुति के माध्यम से आगंतुकों को राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है.