छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रायपुर-विशाखापट्टनम भारतमाला हाईवे पर उद्घाटन से पहले दरार मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जांच तेज कर दी है. अधिकारियों और नई दिल्ली स्थित मुख्यालय की टीम ने सड़क की अलग-अलग परतों से नमूने एकत्र किए हैं.

सरगी और बासनवाही के बीच मौलीपारा के पास सामने आई दरार के बाद नमूनों को 15 तरह के परीक्षणों के लिए भेजा जा रहा है. निष्पक्ष जांच के लिए दिल्ली स्थित NABL लैब के माध्यम से भी सैंपलिंग कराई गई है. परीक्षणों में सड़क की ऊपरी सतह से लेकर निचली परतों तक की गुणवत्ता जांची जाएगी.

जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि दरार निर्माण सामग्री, सड़क की परतों की मोटाई, कम्पैक्शन, संरचनात्मक मजबूती या जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी किसी कमी के कारण आई है या नहीं. अभी दरार की अंतिम वजह सामने नहीं आई है.

NHAI ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. विभागीय जांच के साथ थर्ड पार्टी जांच भी कराई जा रही है. NHAI छत्तीसगढ़ के धमतरी प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट के प्रोजेक्ट डायरेक्टर शमशेर सिंह के अनुसार, दरार वाले हिस्सों से नमूने लिए जा चुके हैं.

किसानों और विद्यार्थियों की परेशानी

स्थानीय किसानों का कहना है कि हाईवे निर्माण के कारण खेतों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता बंद हो गया है. मालवीपारा पंचायत के किसानों ने इस समस्या को उठाया है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के दूसरी ओर स्थित हाईस्कूल के लिए वैकल्पिक भूमि तलाशने की जरूरत पड़ रही है और नए शैक्षणिक सत्र से पहले व्यवस्था करने की मांग की गई है.

रायपुर-विशाखापट्टनम छह लेन हाईवे का छत्तीसगढ़ में हिस्सा करीब 125 किलोमीटर लंबा है. पूरी परियोजना की अनुमानित लागत 4,146 करोड़ रुपये बताई गई है. फिलहाल दरार वाले हिस्से की मरम्मत कर सड़क को ठीक कर दिया गया है.