रायपुर के भाटागांव बाजार में 23 सितंबर को व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद नगर निगम ने बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू कर दिया है. अब विक्रेता और ग्राहक बाजार के भीतर वाहन नहीं ले जा सकेंगे. वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करना होगा.
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा और जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव की मौजूदगी में कार्रवाई की गई. निगम की टीम ने प्रहरी और पुलिस बल के साथ सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से बैठे विक्रेताओं को उनके निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट कराया.
थोक विक्रेताओं के लिए अलग पार्किंग
बाजार परिसर में थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए अलग जगह तय की गई है. निगम के मुताबिक, इससे बाजार और मुख्य सड़क पर बेतरतीब पार्किंग तथा जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी. ग्राहकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की अपील की गई है.
अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी
टाउन प्लानिंग टीम ने मुख्य मार्ग पर दुकानों को आगे बढ़ाकर बनाई गई अवैध संरचनाओं को हटाया. निगम ने कहा कि सार्वजनिक सड़क या तय सीमा पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बाजार के प्रत्येक व्यवसायी और विक्रेता के लिए स्थान निर्धारित किया गया है. सभी को अपने आवंटित स्थल पर ही कारोबार करना होगा. तय जगह से हटकर बैठने या बाजार की व्यवस्था प्रभावित करने पर आवंटन निरस्त किया जा सकता है.
कार्रवाई के दौरान शासकीय कर्मचारियों से अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया. निगम ने कहा कि अतिक्रमण, अव्यवस्था फैलाने या कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
