दुर्ग जिले के भिलाई स्थित आकाशगंगा के हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम 20 वर्षीय युवक निहाल सिंह की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, निहाल ने घटना से कुछ समय पहले कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किश्तों पर आईफोन खरीदा था. दुकान संचालक के मुताबिक, खरीदारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके फोन पर किसी का कॉल आया. वह सोशल मीडिया से जुड़े किसी विषय पर बातचीत कर रहा था.
बातचीत के बाद निहाल परेशान दिखाई दिया और दुकान से निकलकर कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट की ओर चला गया. कुछ देर बाद बेसमेंट स्थित सार्वजनिक शौचालय में उसकी मौत की जानकारी सामने आई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है. जांच में फोन पर हुई बातचीत और अन्य संभावित पहलुओं को शामिल किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने घटना को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है.
