भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र के भिलाई-3 में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम 27 साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है. इस अवधि में नगर निकाय की पांच निर्वाचित परिषदों का कार्यकाल पूरा हो गया और स्टेडियम की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए दो बड़े अभियान चलाए गए, लेकिन मुख्य निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ.

इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 1998 में हुई थी. तत्कालीन विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) भिलाई-दुर्ग ने स्टेडियम की आधारशिला रखी थी. निर्माण के लिए बाधा मानी जा रही कुंदरा पारा बस्ती के निवासियों को विश्व बैंक कॉलोनी के पास गुरु घासीदास नगर में बसाया गया था. हालांकि, 1999 में साडा के भंग होने और भिलाई-चरोदा को स्वतंत्र नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद निर्माण कार्य रुक गया.

समय के साथ खाली कराई गई जमीन पर फिर से अतिक्रमण हो गया और कुंदरा पारा बस्ती दोबारा बस गई. नगर निगम ने जीई रोड और राम मंदिर की ओर कुछ व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कर उनकी नीलामी जरूर की, लेकिन मुख्य मिनी स्टेडियम का काम आगे नहीं बढ़ा.

लगभग चार वर्ष पहले दोबारा कार्रवाई करते हुए बस्ती को हटाया गया और प्रभावित परिवारों को उमदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना में स्थानांतरित किया गया. जमीन खाली होने के बावजूद अब तक मैदान पर निर्माण शुरू नहीं हुआ है.

स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त खेल सुविधाएं नहीं हैं, जिससे युवाओं में निराशा है. महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और क्षेत्रवासियों को जल्द सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम मिलने की उम्मीद है. उनके अनुसार, इसके बनने से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा.