छत्तीसगढ़ के भिलाई में खड़ी गाड़ी से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी होने के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के तीन दिन के भीतर कार्रवाई करते हुए चोरी के 25 सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

18 सितंबर को हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को साक्षरता चौक, कैंप-1 के पास सर्विस रोड पर खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस से 36 भरे सिलेंडर चोरी हुए थे. वाहन मालिक घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ के आधार पर प्रमोद देवांगन को पकड़ा गया. उसके बयान के आधार पर 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे से बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, 20 सिलेंडर 2,000 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से बेच दिए गए थे. दबिश देकर इन 20 में से सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल वाहन और पांच अन्य सिलेंडर जब्त किए गए.

पुलिस ने प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को आरोपी बनाया है. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है.