दुर्ग जिले के भिलाई में आबकारी मामले में जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने के लिए कलेक्टर के नाम से कथित तौर पर फर्जी आदेश तैयार करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आदेश तैयार करने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई की मदद ली थी. दोनों आरोपी इस दस्तावेज को आबकारी कार्यालय में पेश कर बाइक वापस लेने पहुंचे थे.
मामला भिलाई के सेक्टर-1 स्थित आबकारी कार्यालय का है. पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, भोजराम रत्नाकर की शिकायत पर भिलाई भट्ठी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया. शिकायत के मुताबिक, दोनों युवक वर्ष 2025 के एक आबकारी मामले में जब्त अपनी Honda HF Deluxe मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए दुर्ग कलेक्टर के नाम से जारी बताया गया आदेश लेकर आबकारी नियंत्रण कक्ष पहुंचे थे.
अधिकारियों को दस्तावेज देखते ही संदेह हुआ. इसके बाद विभागीय स्तर पर आदेश का सत्यापन कराया गया. जांच में सामने आया कि कलेक्टर के नाम से जारी बताया जा रहा आदेश वास्तविक नहीं था और उसे जाली तरीके से तैयार किया गया था. इसके बाद आबकारी अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उन्होंने जब्त मोटरसाइकिल वापस लेने के उद्देश्य से एआई की मदद से फर्जी आदेश तैयार करने की बात स्वीकार की. हालांकि, मामले की आगे की जांच जारी है.
पुलिस ने जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40) को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी ग्राम मोहरेंगा के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने उनके पास से फर्जी आदेश की प्रति और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है. दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
