दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में 32 बंगला चौक के पास बाइक की टक्कर में 56 वर्षीय सब्जी विक्रेता बसंत पगारे की मौत हो गई. हादसे में उनके दो साथी विनोद सागर (36) और राजेंद्र ध्रुव (46) घायल हुए हैं. टक्कर में शामिल पल्सर बाइक का चालक भी चोटिल हुआ है. घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की बताई गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बसंत पगारे अपने दोनों साथियों के साथ सीटी 100 बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पल्सर बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया गया है कि पल्सर सवार ने पहले एक स्कूटी को बचाने की कोशिश की थी. इसके बाद उसकी बाइक सीटी 100 से जा भिड़ी. टक्कर के बाद दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और बसंत के सिर में गंभीर चोट आई.
बसंत के बेटे भोला पगारे और उनके दोस्तों ने तीनों घायलों तथा पल्सर सवार को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान बसंत की मौत हो गई. उनके दोनों साथियों में से एक को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे का उपचार जारी है. पल्सर सवार का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मृतक के बेटे के एक दोस्त और प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे. उनके अनुसार, बाद में ऑटो की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया.
बसंत सब्जी बेचकर परिवार चलाते थे. उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग की मर्चुरी भेजा गया है. दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों बाइक पुलिस ने थाने में रखवाई हैं.
