भिलाई में चेन झपटमारी के दो मामलों में सुपेला पुलिस ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दोस्त हैं और सुबह स्कूटी से घूमने निकलते थे. इस दौरान वे पैदल टहलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान विक्की नायक (23) और तरूणा सिन्हा (20) के रूप में हुई है. विक्की मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट का रहने वाला है, जबकि तरूणा राजनांदगांव की निवासी बताई गई है. दोनों फिलहाल दुर्ग के तितुरडीह में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे.

सीसीटीवी से जांच में मिला सुराग

पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 6:32 बजे हुई थी. गीता देवी (62) अपने घर के सामने टहल रही थीं, तभी स्कूटी सवार दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उनके गले से सोने की चेन झपट ली. स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने चेन खींची और दोनों मौके से भाग गए.

20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी को दोबारा निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की. आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से पुलिस को आरोपियों तथा उनके वाहन के बारे में सुराग मिला.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में विक्की ने तरूणा के साथ दोनों वारदातों में शामिल होने की बात बताई. पुलिस के अनुसार, वारदात में स्कूटी क्रमांक CG-07-NN-6415 का इस्तेमाल किया गया था. आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन का एक हिस्सा और स्कूटी बरामद की गई है. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.