भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से आयोजित दोपहर भोज छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सियासत में चर्चा का विषय बन गया. यह भोज प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के स्वागत में रखा गया था. आयोजन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही.
भोज में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, विधायक उमेश पटेल और पूर्व विधायक अरुण वोरा शामिल हुए. संगठन से जुड़े अन्य नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
गुटबाजी की चर्चाओं के बीच जुटान
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के एक साथ आने को कांग्रेस के भीतर एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. प्रदेश संगठन को मजबूत करने, आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं के बीच यह आयोजन हुआ.
राजनीतिक तौर पर इस जुटान को प्रदेश प्रभारी के सामने समन्वय दिखाने की कोशिश माना जा रहा है. हालांकि, नेताओं की मौजूदगी से आगे की रणनीति या संगठनात्मक फैसलों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
भूपेश बघेल की मेजबानी में हुए इस कार्यक्रम ने पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच संवाद और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर अटकलों को जरूर बढ़ा दिया है.
