छत्तीसगढ़ में छात्रों की मौत से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं. दुर्ग जिले के भिलाई में चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के MBBS तृतीय वर्ष के छात्र अभिजीत देवांगन का शव 25 नवंबर की रात उनके PG के कमरे में मिला. वहीं, दंतेवाड़ा जिले के बालूद स्थित छू लो आसमान एकेडमी के हॉस्टल में 12वीं कक्षा के एक छात्र का शव मिला है.

भिलाई के मामले में पुलिस के अनुसार, अभिजीत चरोदा के जंजगीरी गांव के रहने वाले थे और कोहका स्थित अवंति बाई चौक के पास PG में रह रहे थे. उनके पिता तीरथ राम देवांगन के मुताबिक, अभिजीत ने घर से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी. परिवार की सहमति के बाद करीब 10 दिन पहले PG लिया गया था, लेकिन वह वहां लगभग पांच दिन ही रह पाए.

परिजनों ने बताया कि पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद अभिजीत परेशान और निराश रहने लगे थे. हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

25 नवंबर की रात परिवार के लोग भिलाई में दवा लेने आए थे. बेटे से मिलने के लिए वे PG पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. कई बार फोन करने पर भी जवाब नहीं आया. इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से खिड़की से अंदर देखा गया और पुलिस को सूचना दी गई.

स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच और पंचनामा कार्रवाई की. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया था. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस को कमरे से एक नोट मिलने की जानकारी है और मामले की जांच जारी है.

दंतेवाड़ा के हॉस्टल में छात्र की मौत

बालूद स्थित छू लो आसमान एकेडमी के हॉस्टल में 12वीं कक्षा का छात्र गुरुवार को कक्षा में नहीं गया था. अन्य छात्र जब कक्षा से लौटे तो उसका कमरा अंदर से बंद मिला. खिड़की से देखने पर छात्र का शव अंदर दिखाई दिया.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खुटे के अनुसार, नाबालिग छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया. इस मामले में भी जांच जारी है.

मनोवैज्ञानिक डॉ. देवेंद्र रत्नानी ने कहा कि परीक्षा, असफलता या अन्य तनावपूर्ण परिस्थितियों में बच्चों के व्यवहार में बदलाव पर परिवार और संस्थानों को ध्यान देना चाहिए. लगातार तनाव, लोगों से दूरी बनाना और सामान्य दिनचर्या में बदलाव जैसे संकेत दिखने पर उनसे बात करना, समय देना और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग या मनोचिकित्सकीय सहायता लेना महत्वपूर्ण है.