दुर्ग जिले के भिलाई में डाटा एंट्री का काम दिलाने के नाम पर एक कारोबारी से 39 लाख 33 हजार 560 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी को नोएडा की एक कंपनी में काम दिलाने का झांसा दिया और बाद में डाटा खराब होने की बात कहकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई. इस मामले में दुर्ग पुलिस ने उत्तराखंड के हल्द्वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक, भिलाई के नेहरू नगर निवासी कारोबारी राजेश कुमार चौरसिया (57) ने 2 जुलाई 2026 को सुपेला थाने की स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, अक्टूबर 2025 में इंडिया मार्ट के जरिए आरोपियों ने उनसे मोबाइल पर संपर्क किया था. उन्होंने नोएडा की ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डाटा एंट्री का काम दिलाने की बात कही. इसके बाद कारोबारी को मेडिकल, स्टील कारोबार, निर्माण और आयात-निर्यात से संबंधित डाटा भरने का काम दिया गया.

डाटा खराब होने की बात कहकर रकम जमा कराई

शिकायत के अनुसार, शुरुआत में काम सामान्य रूप से चला. बाद में आरोपियों ने डाटा खराब होने की बात कही और उसे ठीक करने के लिए अलग-अलग सॉफ्टवेयर खरीदने की जरूरत बताई. इसके बाद कारोबारी से कई बार अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए गए. पुलिस के अनुसार, उनके आईडीएफसी बैंक खाते से कुल 39,33,560 रुपए लिए गए. रकम वापस नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की.

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई. इससे आरोपियों की लोकेशन उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में मिली. पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर राम निवास (42) और राहुल बिष्ट (23) को पकड़ा. राम निवास उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का निवासी है और हल्द्वानी में रह रहा था, जबकि राहुल बिष्ट हल्द्वानी का रहने वाला है.

पुलिस ने दोनों के पास से कथित तौर पर ठगी में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं. दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस उनकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.