भिलाई के खुर्सीपार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए 27 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. इसके साथ ही भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने का ऐलान किया गया.
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं. उन्होंने बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवासों के किराए में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया. उनके अनुसार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा के बाद मासिक किराया वृद्धि को घटाकर 6 रुपये करने का निर्णय लिया गया है. इससे हजारों परिवारों को राहत मिलने का दावा किया गया.
दो सड़क परियोजनाओं की घोषणा
घोषित परियोजनाओं में कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये शामिल हैं. दूसरी परियोजना के तहत जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला और कुटेलाभाठा तक सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
कार्यक्रम में यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3,000 निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के आठ हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और पीएम स्वनिधि के तहत छह स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया.
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पांच हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत योजना के पांच हितग्राहियों को कार्ड दिए गए. निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक, सात श्रमिकों को पंजीयन कार्ड और नौ महिला स्व-सहायता समूहों को छत्तीसगढ़ महिला कोष के तहत ऋण चेक प्रदान किए गए. मत्स्य विभाग ने हितग्राहियों को आइस बॉक्स, नाव-जाल दिए, जबकि पट्टाधृति योजना के तहत 10 लोगों को पट्टे वितरित किए गए.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में गांवों और शहरों के विकास पर काम किया जा रहा है. कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन और ललित चंद्राकर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
