दुर्ग जिले में दीपावली की रात आगजनी की चार घटनाएं सामने आईं. इनमें सेक्टर-6 स्थित भिलाई नगर निगम के जोन-5 कार्यालय में लगी आग भी शामिल है. इस घटना में कार्यालय में रखी कई सरकारी फाइलें और बिजली से जुड़ा सामान जलकर नष्ट हो गया.

आग रविवार रात करीब 10 बजे लगने की जानकारी है. सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है. कार्यालय खुलने और जांच के बाद नुकसान की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है.

इन जगहों पर हुई आगजनी

अग्निशमन विभाग के अनुसार, पहली घटना तालपुरी बी-ब्लॉक में हुई, जहां एक मोटरसाइकिल में आग लग गई. दूसरी घटना वैशाली नगर थाना के पीछे एक मकान में हुई. यहां लाखों रुपये का सामान जलने की जानकारी सामने आई है.

तीसरी घटना सेक्टर-6 के नगर निगम जोन-5 कार्यालय में हुई, जहां सरकारी रिकॉर्ड और अन्य सामान आग की चपेट में आए. चौथी घटना वैशाली नगर के गुरुनानक नगर इलाके में एक मकान में हुई. चारों स्थानों पर दमकल टीमों ने पहुंचकर आग बुझाई.

पहले से तैनात किए गए थे दमकल वाहन

दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तेजी से प्रतिक्रिया देने के लिए अग्निशमन विभाग ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर दमकल वाहन पहले से तैनात किए थे. दुर्ग के पटेल चौक, सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम और छावनी थाना परिसर में वाहन रखे गए थे.

रात करीब 12 बजे जयंती स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में लोग पटाखे फोड़ रहे थे. अग्निशमन टीम ने लोगों को सावधानी बरतने की समझाइश दी और पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचना दी.