भिलाई नगर निगम शहर में जलभराव, अवरुद्ध जल निकासी और गिरते भूजल स्तर की समस्या से निपटने के लिए ड्रोन सर्वे और जीआईएस मैपिंग का सहारा लेने जा रहा है. प्रस्तावित परियोजना के तहत शहर की जल निकासी, वर्षाजल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को एकीकृत करते हुए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा.

परियोजना के तहत निगम क्षेत्र के करीब 75 से 80 वर्ग किलोमीटर हिस्से का यूएवी ड्रोन सर्वे प्रस्तावित है. इसके अलावा लगभग 350 किलोमीटर लंबे प्रमुख सड़क और ड्रेनेज कॉरिडोर का तकनीकी अध्ययन किया जाएगा. सर्वे से जल निकासी के प्राकृतिक प्रवाह, मौजूदा नालों की क्षमता और उनमें मौजूद रुकावटों या अतिक्रमण की जानकारी जुटाई जाएगी.

जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों की जीआईएस आधारित मैपिंग और जियो-टैगिंग की जाएगी. इससे ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने में मदद मिलेगी. निगम इस डिजिटल डेटाबेस का इस्तेमाल भविष्य की जल प्रबंधन योजनाओं और विकास कार्यों के लिए करेगा.

भूजल रिचार्ज और जल गुणवत्ता पर भी जोर

सर्वे के जरिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, रिचार्ज वेल और रिचार्ज पिट बनाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित किए जाएंगे. जीआईएस मैपिंग से पेयजल लाइनों और सीवरेज नेटवर्क के संभावित क्रॉस-कनेक्शन या लीकेज का पता लगाने की कोशिश होगी, ताकि पानी के संदूषण का जोखिम कम किया जा सके.

निगम द्वारा चिन्हित 24 बोरवेल समेत अन्य जलस्रोतों के पानी के नमूनों का वैज्ञानिक परीक्षण भी कराया जाएगा. निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने कहा कि शहर की जल व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए सभी घटकों का एकीकृत अध्ययन जरूरी है. उनके अनुसार, ड्रोन चित्रों, फील्ड डेटा और जीआईएस मैपिंग के विश्लेषण से जलभराव और दीर्घकालिक जल सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक समाधान तैयार किए जाएंगे.