भिलाई में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) को कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने और उनके खिलाफ भ्रामक शिकायतें करने के आरोप में सुपेला थाना पुलिस ने S-Square Airomax Private Limited से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. आरोपियों में कंपनी के अधिकृत अधिकारी सतनाम सिंह और मैनेजिंग डायरेक्टर विभूति भूषण बाबू व श्रीराम गुप्ता शामिल हैं. मामला अदालत के आदेश के बाद दर्ज किया गया है.

स्कॉर्पियो से शुरू हुआ विवाद

मामला Scorpio-N वाहन (CG 05/AP 5000) से जुड़ी शिकायत से शुरू हुआ. सतनाम सिंह ने 13 अक्टूबर 2025 को जामुल थाने में शिकायत दी थी कि वाहन DSP ने वापस नहीं किया. जांच के दौरान वाहन के मूल मालिक अंकित सिंह ने भी 7 नवंबर 2025 को शिकायत की. पुलिस के अनुसार, जांच में वाहन को लेकर कंपनी और अंकित सिंह के बीच लेनदेन का विवाद सामने आया. जामुल पुलिस ने मामले में अपराध नहीं पाए जाने की जानकारी सतनाम सिंह को 20 फरवरी 2026 और अंकित सिंह को 21 फरवरी 2026 को दी.

DSP का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने उनके खिलाफ अलग-अलग अधिकारियों और थानों में शिकायतें कीं. अदालत में दिए आवेदन के अनुसार, 27 मई 2026 को SP, ASP और जामुल थाने तथा 14 जुलाई को सुपेला थाने में शिकायत की गई. DSP ने 29 मई को DGP और SP, जबकि 6 जुलाई को मुख्यमंत्री के ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत की थी.

कोर्ट ने प्रथम दृष्टया आधार माना

शिकायत पर थाने से कार्रवाई नहीं होने के बाद DSP ने अदालत का रुख किया. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दुर्ग भूपेश कुमार बसंत ने 11 सितंबर 2026 को दस्तावेजों के अवलोकन के बाद आवेदन स्वीकार किया. अदालत के आदेश पर सुपेला पुलिस ने BNS की धाराओं 217, 221, 229, 248, 318, 356 और 61 के तहत FIR दर्ज की है.

पुलिस अब शिकायतों, जामुल थाने की पूर्व जांच, वाहन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी. FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.