छत्तीसगढ़ राज्य बिजली कंपनी में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को लेकर प्रबंधन ने अधिकारी-कर्मचारी संगठनों की बैठक बुलाई है. यह बैठक 16 नवंबर को पावर कंपनी के सभाकक्ष में होगी. इसे 18 नवंबर को प्रस्तावित सामूहिक अवकाश से पहले गतिरोध दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) की ओर से जारी पत्र में विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रांतीय अध्यक्षों और महासचिवों को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच के बैनर तले ओपीएस बहाली की एक सूत्रीय मांग पर कंपनी के प्रबंध निदेशकों के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी.
कर्मचारियों की क्या मांग है
एनपीएस के दायरे में आने वाले बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी लंबे समय से ओपीएस लागू करने की मांग कर रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा विभाग ने 6 अक्टूबर 2023 को आदेश जारी कर 1 जनवरी 2004 या उसके बाद पावर कंपनी में नियुक्त कर्मचारियों की सेवाओं को एनपीएस से ओपीएस में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे. उनका दावा है कि इस पर अब तक अमल नहीं हुआ है.
मांग पूरी नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने 18 नवंबर को एक दिन का सामूहिक अवकाश लेने का निर्णय लिया है. इसके लिए संबंधित कार्यालयों में आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई है. 16 नवंबर की बैठक में प्रबंधन का रुख सामने आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
