छत्तीसगढ़ के भिलाई में खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को कई मिठाई और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की. विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराया गया. गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थ बनाने का काम बंद करा दिया गया.

नंदनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी की जांच में पनीर और दही गंदगी वाली जगह पर तैयार किए जा रहे थे. विभाग के मुताबिक, पनीर बनाने में इस्तेमाल हो रहा पैक्ड दूध एक्सपायरी डेट का था. टीम ने पनीर, दूध और दही के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे. इसके बाद नगर निगम की मदद से 1000 लीटर दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया गया.

कैंप-2 स्थित गुप्ताजी लड्डू हाउस में करीब 250 किलो मैदे के लड्डू मिले. विभाग ने इनमें तय मानकों के अनुरूप नहीं होने वाले खाद्य रंग और स्वीटनिंग एजेंट के इस्तेमाल की आशंका जताई और लड्डुओं को नष्ट कराया.

बैकुंठधाम, कैंप-2 स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में लड्डू, सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी जैसी मिठाइयां गंदगी के बीच तैयार और बिना लेबल वाले प्लास्टिक जार में पैक की जा रही थीं. कार्रवाई में करीब 200 किलो पेड़ा, 1020 किलो सोनपापड़ी और 70 किलो मसूर पाक समेत अन्य मिठाइयों को नष्ट करने की प्रक्रिया की गई.

अधिकारियों ने तीनों प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस को एक सप्ताह के लिए निलंबित करने की सिफारिश भेजने की बात कही है. जरूरी सुधार नहीं होने पर निलंबन अवधि बढ़ सकती है.

वैशाली नगर स्थित जलाराम नमकीन एंड डेयरी में बिस्किट के पैकेट पर 1 नवंबर 2026 की तारीख डालकर पैकिंग की जा रही थी, जबकि जांच 23 अक्टूबर को हुई. विभाग ने इसे ग्राहकों को गुमराह करने का मामला मानते हुए संचालक के खिलाफ मिसलीडिंग केस की कार्रवाई शुरू की है. मामले को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.

खाद्य सुरक्षा विभाग के आयुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थ साफ-सुथरी जगह पर बनाए जाने चाहिए और एक्सपायरी सामग्री के इस्तेमाल या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को स्वीकार नहीं किया जाएगा.