भिलाई के स्मृतिनगर इलाके में विदेश में MBA की पढ़ाई, नौकरी और कनाडा की नागरिकता दिलाने का भरोसा देकर 19 लाख रुपये लेने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान कंसल्टेंसी संचालक गगन गुप्ता, उनकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा के रूप में हुई है. मामला टॉप कैरियर कंसल्टेंसी से जुड़ा है.
सेक्टर-1 भिलाईनगर निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की यूनिवर्सिटी में MBA में दाखिला, पढ़ाई के बाद नौकरी और बाद में कनाडा की नागरिकता दिलाने का भरोसा दिया था. इसके अलावा विजिटर वीजा के जरिए विदेश भेजने का भी आश्वासन दिया गया.
पुलिस के अनुसार, सुमित ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों और चेक के जरिए कुल 19 लाख रुपये जमा किए. रकम लेने के बाद विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर उसे लगातार आश्वासन दिया जाता रहा. बाद में सुमित को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी उसे नौकरी नहीं मिली और वह भारत लौट आया.
रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने 2-2 लाख रुपये के तीन चेक दिए. सुमित के अनुसार, बैंक में जमा करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की.
शिकायत के आधार पर स्मृतिनगर चौकी और सुपेला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा ने अपराध स्वीकार किया. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में पुलिस आरोपों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
