भिलाई के तालपुरी इलाके में बेटी के अंतिम संस्कार में व्यस्त परिवार के घर से नकदी और सोने के पुराने झुमके चोरी होने का मामला सामने आया है. भिलाई नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शोक कार्यक्रम में शामिल होने आई एक रिश्तेदार महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उसके पास से 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
मामला तालपुरी के बी-ब्लॉक स्थित आर्किड क्षेत्र की बिल्डिंग नंबर 11 के फ्लैट नंबर 441 का है. यहां रहने वाले गजानन अवचट दुर्ग में रेलवे में लोको पायलट हैं. उनकी बेटी अक्षिता अवचट की 20 अक्टूबर 2026 को सड़क हादसे में मौत हो गई थी. अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सुबह से रिश्तेदार, परिवार के सदस्य और आसपास के लोग घर पर मौजूद थे.
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे परिवार शव को रिसाली मुक्तिधाम ले गया. शाम करीब 6 बजे अंतिम संस्कार के बाद परिवार घर लौटा. उस समय घर कुछ देर के लिए खाली था. अगले दिन 21 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे गजानन अवचट को अपनी जेब में रखी रकम नहीं मिली. इसके बाद घर की जांच करने पर बेटी के बेडरूम में रखी नकदी, उनकी पत्नी सुनीता अवचट की रकम और सोने के पुराने झुमके गायब मिले.
परिवार ने बताया कि बेटी की मौत और अंतिम संस्कार से जुड़े कामों के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी. गजानन अवचट ने 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने में लिखित शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध महिला की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, महिला रेलवे कर्मचारी की पत्नी है. मामले में आगे की जांच जारी है.
