छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रसमड़ा के पास ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार दोपहर त्रैमासिक परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से तीन विद्यार्थी घायल हो गए. हादसा करीब दोपहर 12 बजे उस समय हुआ, जब कक्षा नौवीं के कमरे में नौवीं और दसवीं के विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे.

तेज आवाज के साथ छत का बड़ा हिस्सा नीचे गिरा. मलबे की चपेट में आने से कमरे में रखा बेंच भी टूट गया और विद्यार्थियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. शिक्षकों ने ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

घायल छात्रा द्रोपती ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसके सिर में चार टांके लगाए गए. अन्य दो विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया.

पुराने भवन में चल रही हाई स्कूल की कक्षाएं

स्कूल भवन करीब 25 से 30 साल पुराना बताया गया है. हाई स्कूल के रूप में उन्नयन के बाद भी कक्षाएं मिडिल स्कूल के पुराने भवन में ही संचालित हो रही हैं. कक्षा नौवीं और दसवीं में करीब 100 विद्यार्थी पढ़ते हैं.

पूर्व सरपंच रोहित साहू के अनुसार, नए स्कूल भवन के लिए करीब 75 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे, लेकिन दो साल बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो सका. उनके अनुसार, सत्ता परिवर्तन के बाद स्वीकृत राशि वापस चली गई.

समग्र शिक्षा के डीएमसी विनोद सिंह ने कहा कि संबंधित भवन जर्जर जैसा दिखाई नहीं देता था, इसलिए उस कमरे में परीक्षा कराई जा रही थी. उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों को जर्जर भवन या कक्ष में विद्यार्थियों को नहीं बैठाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं.