भिलाई के औद्योगिक क्षेत्रों में 12 से 14 घंटे तक हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर उद्योग संचालकों ने चिंता जताई है. उनका कहना है कि लंबे समय तक बिजली बंद रहने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है और कई इकाइयों के सामने आर्थिक नुकसान के साथ तालाबंदी का खतरा पैदा हो गया है.

बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष रतन दासगुप्ता के नेतृत्व में जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अघोषित कटौती तत्काल बंद करने और औद्योगिक क्षेत्रों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की.

फर्नेस में कच्चा माल फंसने की शिकायत

एसोसिएशन के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार बिजली कटौती के कारण उद्योगों की उत्पादन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है. बिजली आपूर्ति रुकने पर फर्नेस में कच्चा माल फंस जाता है. इससे कच्चे माल और तैयार उत्पाद को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है. उद्योग प्रतिनिधियों ने ऐसी स्थिति में करोड़ों रुपये की संभावित क्षति की बात कही है, हालांकि किसी निश्चित नुकसान का आंकड़ा नहीं बताया गया है.

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उद्योगों के सामने उत्पादन लक्ष्य पूरा करने की चुनौती है. दीपावली नजदीक होने और श्रमिकों को बोनस दिए जाने के कारण लंबी बिजली कटौती से उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ रही हैं. उद्योग संचालकों ने चेतावनी दी कि स्थिति बनी रही तो इसका असर श्रमिकों और उनसे जुड़े रोजगार पर भी पड़ सकता है.

जल्द जारी होगा बिजली कटौती का शेड्यूल

उद्योग प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनने के बाद कलेक्टर ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली कटौती का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा. इससे उद्योग संचालक पहले से उत्पादन की योजना बना सकेंगे और कटौती के समय के अनुसार काम व्यवस्थित कर सकेंगे.