भिलाई के खेरधा में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. जामुल और कुरुद में विरोध के बाद परियोजना के लिए खेरधा की 7.5 एकड़ जमीन तय रखी गई है. नगर पालिक निगम भिलाई के मुताबिक, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने जमीन के चारों ओर बाउंड्रीवॉल का काम पूरा कर लिया है. अब प्लांट का निर्माण शुरू किया जाना है.

स्थानीय विरोध के बावजूद निगम ने फिलहाल जमीन बदलने का फैसला नहीं किया है. जुलाई में बाउंड्रीवॉल का काम शुरू कराने की कोशिश के दौरान खेरधा के ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी. ग्रामीणों ने जमीन को सामुदायिक चारागाह बताते हुए पंचायत की अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) समेत कई मुद्दे उठाए थे.

रोज 150 टन जैविक कचरे का इस्तेमाल

निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के मुताबिक, प्रस्तावित प्लांट में भिलाई के साथ दुर्ग, रिसाली, भिलाई-चरोदा, कुम्हारी, जामुल और उतई से आने वाले जैविक कचरे का इस्तेमाल होगा. प्लांट की अनुमानित क्षमता रोजाना करीब 150 मीट्रिक टन जैविक कचरे को संसाधित करने की है. इससे हर दिन करीब 12 से 15 मीट्रिक टन CBG तैयार होने का अनुमान है.

परियोजना पर करीब 60 करोड़ रुपये का खर्च BPCL वहन करेगा. निगम के अनुसार, प्लांट से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सालाना करीब 30 हजार मानव-दिवस रोजगार के अवसर बन सकते हैं. पूरी क्षमता से संचालन और गैस की बिक्री होने पर सरकार को सालाना करीब 1 करोड़ रुपये GST मिलने का अनुमान भी जताया गया है.

पहले जामुल और कुरुद में हुआ था विरोध

परियोजना के लिए पहले जामुल ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास जमीन पर विचार किया गया था. स्थानीय लोगों ने रिहायशी क्षेत्र के पास बदबू, भारी वाहनों की आवाजाही और प्रदूषण की आशंका जताते हुए विरोध किया. इसके बाद कुरुद में विकल्प देखा गया, जहां 29 जनवरी 2025 से महिलाओं ने प्रदर्शन किया और बाद में चक्काजाम भी किया. विरोध के बाद कुरुद का प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ा.