भिलाई के खुर्सीपार इलाके में स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा यानी हेरोइन बेचने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. मामले में अब तक दो नाबालिगों समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक कार समेत कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपये का सामान जब्त किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन नंबर-3 स्थित जीरो स्ट्रीट में जसबीर कौर के मकान से हेरोइन बेची जा रही है. तलाशी के दौरान जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा गया और उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात कही गई. पुलिस ने इसकी कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपये बताई है. मौके से 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद, 19 सोने के गहने, चांदी के सामान, आठ मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए.

पुलिस ने बताया कि 19 सितंबर को जसबीर कौर के साथ नितेश सोनी, तिरकेश निषाद और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद 24 सितंबर को गुरमीत सिंह उर्फ लक्की और हेमंत दयाल उर्फ राजू, जबकि 6 अक्टूबर को आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन पकड़ा गया. जांच में मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा की गिरफ्तारी भी हुई.

24 नवंबर को रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, इनके पास से 3,500 रुपये नकद, दो मोबाइल और हुंडई आई-20 कार मिली. इस कार्रवाई में 10 लाख 73 हजार 500 रुपये का सामान जब्त बताया गया है.

पूरे मामले में NDPS एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक, वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.