दुर्ग जिले के भिलाई में जमीन की खरीदी-बिक्री के नाम पर 24 लाख 28 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में सुपेला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह और मनोज कुमार सोनी के रूप में हुई है. दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, कोहका हाउसिंग बोर्ड निवासी मोहन लाल देवांगन ने 7 अप्रैल 2025 को दुर्ग पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दी थी. शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्ष 2016 में मकान बनाने के लिए जमीन खरीदने के दौरान उसकी मुलाकात अवतार सिंह से हुई. उसे मौजा कोहका के खसरा नंबर 1704/88 में 1,200 वर्गफीट का प्लॉट दिखाया गया और 30 सितंबर 2016 को उसके नाम रजिस्ट्री कराई गई.
आरोप है कि जमीन खरीदने और मकान निर्माण के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 23 लाख 28 हजार रुपये लिए गए. बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि जिस जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था, वह माया सिंह नाम की महिला की है. इसके बाद 22 सितंबर 2018 को रकम लौटाने का इकरारनामा किया गया. इसमें 23 लाख 28 हजार रुपये और एक लाख रुपये रजिस्ट्री खर्च समेत कुल 24 लाख 28 हजार रुपये लौटाने का वादा था.
रकम वापसी के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सुपेला शाखा के तीन चेक दिए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण सभी चेक अनादरित हो गए. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 16 मार्च 2021 को कोहका के खसरा नंबर 1704/2 की 1,200 वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री दूसरे व्यक्ति चिरंजीवन कोनार के पक्ष में कथित रूप से फर्जी तरीके से कराई गई.
जांच के बाद स्मृतिनगर चौकी और सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1635/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 120बी और 34 में मामला दर्ज किया गया. पुलिस जमीन के दस्तावेजों, रजिस्ट्री की वैधानिकता और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
