दुर्ग जिले के भिलाई स्थित कोहका इलाके में 22 वर्षीय एमबीबीएस छात्र अभिजीत देवांगन की मौत हो गई. वह अवंति बाई चौक के पास एक पीजी में रहकर चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था. पुलिस को कमरे से माता-पिता के नाम लिखा एक नोट मिला है.

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद अभिजीत तनाव में रहने लगा था. पुलिस ने इसी वजह से यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है.

अभिजीत मूल रूप से दुर्ग जिले के चरोदा-जंजगीरी गांव का रहने वाला था. परिजनों के अनुसार, उसने नीट परीक्षा पास करने के बाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था. कुछ समय पहले उसने घर से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी. पिता की अनुमति के बाद उसने कोहका में पीजी का कमरा लिया था.

परिजनों के अनुसार, कमरे में रहने के करीब 10 दिन हुए थे, हालांकि वह वहां लगभग पांच दिन ही रहा था. घटना का पता तब चला जब परिजन भिलाई में उससे मिलने पीजी पहुंचे. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कई बार आवाज देने व फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों की मदद से कमरे के अंदर देखा गया और पुलिस को सूचना दी गई.

स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और नोट बरामद किया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

अगर आप या कोई परिचित भावनात्मक संकट या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो अकेले न रहें और तुरंत परिवार, भरोसेमंद व्यक्ति या स्थानीय आपातकालीन सहायता से संपर्क करें.