रायपुर. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने भिलाई नगर निगम के कामकाज की समीक्षा करते हुए नागरिकों को समय पर सेवाएं देने और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को सेवाएं देने में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में हुई बैठक में भिलाई नगर निगम के लंबित कार्यों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई. बोरा ने अधिकारियों से कार्यप्रणाली में सुधार लाने और नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने को कहा.
रोज सुबह फील्ड निरीक्षण और रिपोर्टिंग
प्रमुख सचिव ने जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को रोज सुबह अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए. उन्हें व्यवस्थाओं की कमियों और चल रहे कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा करने को कहा गया, ताकि सुधारात्मक कार्रवाई समय पर की जा सके.
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बोरा ने दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने पर जोर दिया. उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कचरा प्रबंधन और प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना व संचालन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा. कचरे के उचित प्रसंस्करण और स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए गए.
अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत अधूरे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर बोरा ने नाराजगी जताई. उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने, तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने और नियमित निगरानी के जरिए काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा.
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा में उन्होंने आवास निर्माण के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की जरूरतों का ध्यान रखने के निर्देश दिए. पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने और आवासों को सुरक्षित व सुविधाजनक बनाने पर भी जोर दिया.
बैठक में जल प्रदाय, जल संरक्षण, मिशन अमृत, तालाबों के रखरखाव, संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड और बिजली बिलों से जुड़े विषयों की भी समीक्षा हुई. बोरा ने राजस्व संग्रहण सुधारने, ऑनलाइन नागरिक सेवाओं और ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारियों में तेजी लाने को कहा.
उन्होंने निदान-1100 से मिली शिकायतों की नियमित निगरानी और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए. बैठक में विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, भिलाई निगम आयुक्त सुरुचि सिंह सहित विभाग और निगम के अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे.
