भिलाई नगर निगम क्षेत्र में सरकारी जमीन पर पट्टा देने के लिए किए गए सर्वे की अनंतिम पात्र और अपात्र सूची जारी कर दी गई है. यह सूची जोन क्रमांक 1 और 2 में सर्वे पूरा होने के बाद तैयार की गई है. संबंधित लोग 10 नवंबर 2026 तक सूची में अपना नाम और पात्रता देखकर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
अनंतिम सूची 6 से 10 नवंबर तक तहसील कार्यालय, जोन क्रमांक 1 और 2 के कार्यालयों तथा संबंधित वार्डों के सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा की गई है. जोन 1 के वार्ड 1, 3, 11, 12 और 13 तथा जोन 2 के वार्ड 14, 15, 21, 22 और 23 को इस सूची में शामिल किया गया है.
किन दस्तावेजों और शर्तों पर तय होगी पात्रता
पट्टे के लिए आवेदक के पास वर्ष 2017 से पहले का कोई दस्तावेज होना जरूरी बताया गया है. इनमें संपत्ति कर जमा करने की रसीद, बिजली बिल या निवास प्रमाण शामिल हैं. इसके अलावा मकान का बना हुआ क्षेत्रफल 600 वर्गफीट से कम होना चाहिए.
यदि किसी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से अपात्र सूची में दर्ज हो गया है, सर्वे के दौरान जानकारी छूट गई है या दस्तावेज अधूरे दर्ज हुए हैं, तो वह दावा-आपत्ति के साथ जरूरी कागजात जमा कर सकता है. दोनों जोन कार्यालयों में आपत्तियां लेने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है.
दावा-आपत्तियों के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी और इसके आधार पर अंतिम पात्र एवं अपात्र सूची जारी होगी. अधूरे दस्तावेज या पात्रता शर्तें पूरी नहीं होने पर नाम पात्र सूची से हटाया जा सकता है. जोन 1 के लोग सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर सिंह और जोन 2 के लोग सहायक राजस्व अधिकारी अर्पित द्विवेदी से संपर्क कर सकते हैं.
