भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से चार करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, यह रकम रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही थी. वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य की पूछताछ की जा रही है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) में बड़ी मात्रा में नकदी रखी है. इसके बाद सोमवार रात करीब 11 बजे डबरापारा क्षेत्र में वाहन की जांच की गई. तलाशी के दौरान वाहन का पिछला हिस्सा सामान्य से अलग और मॉडिफाइड मिला.
सघन जांच में पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला. उसे खोलने पर भारतीय मुद्रा बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक, नकदी की गिनती के बाद कुल रकम चार करोड़ रुपये निकली.
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान वाहन चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई गई है. पुलिस दोनों से रकम के स्वामित्व, वित्तीय स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है.
पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू की है. नकदी के वित्तीय स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है. अभी तक रकम के वास्तविक मालिक या उसके इस्तेमाल का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है.
