दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाने में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने पुराने विवाद में दूसरी एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान एक महिला ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर पर वीडियो बना रहे भाजयुमो पदाधिकारी का मोबाइल छीनने और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया. हंगामे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की.
भाजयुमो कार्यकर्ताओं के अनुसार, गंजपारा मंडल के महामंत्री वाशु शर्मा थाने में चल रहे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे. आरोप है कि ट्रेनी SI नेहा भास्कर ने उनका मोबाइल ले लिया और उन्हें थप्पड़ मारा. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और महिला पुलिसकर्मी से सार्वजनिक माफी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भाजयुमो पदाधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की की भी बात सामने आई है.
हंगामे की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक और आसपास के थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे. थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया. बातचीत के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया.
14 अक्टूबर के विवाद में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
मूल विवाद 14 अक्टूबर को सिविक सेंटर स्थित उपाध्याय पान ठेले के पास हुआ था. वेदांत साहू ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आर्यन सिंह राजपूत, तुषार सिंह राजपूत और उनके एक साथी ने गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की. वेदांत के मुताबिक, उसे आंख, चेहरे और हाथों में चोट आई तथा झूमाझटकी में उसकी सोने की चेन गिर गई.
दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट वेदांत साहू ने की थी और पुलिस ने दबाव में कार्रवाई की. भाजयुमो कार्यकर्ता इसी मामले में दूसरी एफआईआर की मांग कर रहे थे. जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह के अनुसार, अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज कर ली गई.
