भिलाई के सेक्टर-6 में ट्यूशन से लौट रही नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे के भीतर एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को पकड़ लिया. मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है.
घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की बताई गई है. छात्रा रोज की तरह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी. ट्यूशन से लौटने के बाद उसे एक सहेली के घर जाना था. इसी दौरान भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के सेक्टर-6 में खंडहरनुमा इमारतों और झाड़ियों के बीच दो लड़कों ने उसे अकेला देखकर रास्ते में रोक लिया.
सुनसान इलाके में मदद के लिए पुकारती रही छात्रा
आरोप है कि दोनों ने छात्रा को घेरकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. छात्रा ने खुद को बचाने के लिए लगातार शोर मचाया और मदद के लिए पुकारती रही. इलाका सुनसान होने और आसपास खंडहर व झाड़ियां होने के कारण तत्काल कोई मदद के लिए नहीं पहुंच सका.
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय युवकों ने छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनी. पास जाकर उन्होंने दोनों लड़कों को छात्रा के साथ जबरदस्ती करते देखा. युवकों को अपनी ओर आता देखकर दोनों आरोपी वहां से निकलने की कोशिश करने लगे. इसके बाद युवकों ने पुलिस को सूचना दी.
एक आरोपी नाबालिग, दूसरा जेल भेजा गया
सूचना पर भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को सुरक्षित किया. इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों और संभावित रास्तों पर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस के अनुसार, दोनों को घटना के करीब चार घंटे के भीतर पकड़ लिया गया.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में एक नाबालिग है. उसे बाल न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालिग आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. मामले में छात्रा की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
