छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित स्मृति नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर गैरेज में घुसकर मारपीट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, वारदात में तीन लोग घायल हुए हैं. इनमें गैरेज संचालक के भाई को गंभीर चोटें आई हैं. मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
घटना सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर पुलिस चौकी के अंतर्गत बताई गई है. पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर की रात करीब 12 बजे नागेंद्र सुमनकर अपने साथियों के साथ कार गैरेज पहुंचा. वहां गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हुई और धारदार हथियार से हमला किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सारांश सिंह अपनी महिला मित्र के साथ आरोपियों से बचने के लिए गैरेज में गया था. आरोप है कि नागेंद्र और उसके साथियों ने पीछा करते हुए गैरेज में पहुंचकर सारांश पर हमला किया. बताया गया है कि आरोपी पिछले दो दिनों से उस पर नजर रख रहे थे. हालांकि, पुलिस ने विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई है.
गैरेज में मारपीट होते देखकर संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा ने बीच-बचाव की कोशिश की. आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर भी धारदार हथियार से वार किया. घायल सारांश, आनंद और मनीष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद सारांश का मोबाइल फोन भी ले जाया गया था. घटनास्थल का CCTV फुटेज जांच में शामिल किया गया है. पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित तौर पर लूटा गया मोबाइल बरामद किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 309 सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है. मामले की जांच जारी है.
